दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पहुंची झांसी, कहा- हिंदुत्व के नाम पर नफरत और ध्रुवीकरण

WhatsApp Channel Join Now
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पहुंची झांसी, कहा- हिंदुत्व के नाम पर नफरत और ध्रुवीकरण


कहा- हिंदुत्व के नाम पर नफरत और ध्रुवीकरण, लोकतंत्र व संविधान पर भी जताई चिंता

झांसी, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुक्रवार को झांसी पहुंची। उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही यात्रा का जगह-जगह समर्थकों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। झांसी में दिग्विजय सिंह ने सनातन धर्म, हिंदुत्व, लोकतंत्र और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखते हुए भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा।

हिंदुत्व के नाम पर समाज को बांटने का आरोप

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक नहीं, बल्कि जनजागरण है। सनातन धर्म हजारों वर्षों से प्रेम, सद्भाव, सत्य, अहिंसा, करुणा, दया और सभी धर्मों के सम्मान का संदेश देता आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व के नाम पर समाज में नफरत फैलाने और लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है। ऐसी प्रवृत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। लोगों को सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों को समझने और अपनाने की जरूरत है।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह

कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव आयोग बेहद जरूरी है। यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को भी जनता तक पहुंचाया जा रहा है।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर उठाए सवाल

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से जुड़े सवाल पर उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि एक तरफ ओवैसी कट्टरपंथी मुसलमानों को भड़काते हैं, तो दूसरी तरफ आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद कट्टरपंथी हिंदुओं को उकसाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों तरह की कट्टरता से राजनीतिक माहौल में ध्रुवीकरण बढ़ता है और इसी के सहारे संबंधित संगठन अपना अस्तित्व बनाए रखने की कोशिश करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story