झांसी में मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा का होगा मंचन
'नमो सेवा—अनकही कहानियां' में दिखेगी प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा
झांसी, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा यात्रा को लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत झांसी में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन आयोजित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान की झांसी इकाई की ओर से बताया गया कि नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि नाट्य प्रस्तुति में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका तक की यात्रा को केंद्र में रखा जाएगा। इसमें राष्ट्र सेवा, जनकल्याण, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप देने की तैयारी है, ताकि दर्शकों तक अभियान का संदेश आसानी से पहुंचाया जा सके। कलाकार अभिनय और संवादों के माध्यम से सेवा तथा जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे।
अभियान के तहत राज्यभर में इस तरह के नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सांस्कृतिक एवं नाट्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित करने की योजना है।
आयोजकों ने बताया कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के जरिए कला और रंगमंच को माध्यम बनाकर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन यात्रा को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

