राष्ट्रवाद की जीत और परिवारवाद व अराजकता की हाेगी हार : सुधीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रवाद की जीत और परिवारवाद व अराजकता की हाेगी हार : सुधीर सिंह


भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा—जनसेवा और संगठन के दम पर अशोक राठौड़ की जीत तय

झांसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर काम करती है। केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पार्टी कार्यकर्ता निरंतर जनसेवा में जुटे हैं। चुनाव को लेकर संगठन पूरी तरह तैयार है और भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौड़ की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

सुधीर सिंह ने कहा कि भारत का युवा आज विकास की ओर देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के लिए विकास और आगे बढ़ने के नए अवसर पैदा हुए हैं। शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और तकनीक समेत हर क्षेत्र में युवा आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं के बीच भाजपा सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र काफी बड़ा है, लेकिन भाजपा का संगठन भी पूरे क्षेत्र में मजबूत है। बूथ स्तर तक पार्टी का तंत्र सक्रिय है और कार्यकर्ता मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौड़ चुनाव में विजयी होंगे।

सुधीर सिंह ने कहा कि यह चुनाव राष्ट्रवाद और राष्ट्रविरोधी सोच के बीच सीधा मुकाबला है। एक ओर राष्ट्रहित और विकास की विचारधारा है, जबकि दूसरी ओर परिवारवाद और अराजकता को बढ़ावा देने वाली ताकतें हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता राष्ट्रहित और विकास के पक्ष में मतदान करेंगे। राष्ट्रवाद की जीत होगी और परिवारवाद व अराजकता पराजित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764671 Articles

Share this story