उप्र विधान परिषद चुनाव : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर सपा काे बढ़त

WhatsApp Channel Join Now
उप्र विधान परिषद चुनाव : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर सपा काे बढ़त


उप्र विधान परिषद चुनाव : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर सपा काे बढ़त


झांसी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 की मतगणना में दूसरे दिन बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर पर मजबूत बढ़त बना ली है। बुंदेलखंड कॉलेज (बीकेडी) में चल रही मतगणना के सातवें चक्र के बाद डॉ. मानसिंह यादव 18 हजार 639 मतों से आगे चल रहे हैं। अब तक 84 हजार 052 मतपत्रों की गणना पूरी हो चुकी है।

सातवें चक्र तक डॉ. मान सिंह यादव को 44 हजार 897 वोट मिले हैं। भाजपा के अशोक कुमार राठौर के खाते में 26 हजार 258 वोट हैं। तीसरे स्थान पर शिवशंकर पटेल को तीन हजार 226 मत प्राप्त हुए हैं। आंकड़ों के साथ सपा प्रत्याशी की बढ़त लगातार मजबूत होती जा रही है।

पहले चक्र में भाजपा के अशोक कुमार राठौर 984 मतों से आगे हुए थे। उसके बाद से वह कमजोर होते गए। दूसरे चक्र में सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह को 150 मतों की बढ़त मिली। तीसरे चक्र में भी डॉ. मान सिंह यादव ने 2,225 मतों की बढ़त बनाई थी। इसके बाद मतों का अंतर लगातार बढ़ता गया। मतगणना के दौरान रात में चक्रवार परिणाम आने में देरी भी हुई। देर रात तक दो चक्रों के परिणाम सामने आए थे, जबकि तीसरे चक्र के परिणाम के लिए भी कई घंटे इंतजार करना पड़ा।

बढ़त के बाद सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अब जीत की औपचारिकता ही बाकी रह गई है। उन्होंने बढ़त को कार्यकर्ताओं की मेहनत और सपा मुखिया अखिलेश यादव की सोच की जीत बताया।

उधर, मतगणना स्थल बीकेडी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। रात बढ़ने के साथ पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों के अलावा पीएसी और आठ थानों की पुलिस को सुरक्षा में लगाया गया है। बीकेडी चौराहे पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात है। मतगणना स्थल के बाहर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे।

मतगणना जारी है और शेष चक्रों के परिणाम आने के साथ तस्वीर और स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768087 Articles

Share this story