झांसी में गूंजा मल्लखंब का शौर्य, 14 राज्यों के 400 से अधिक खिलाड़ी जुटे
झांसी, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पारंपरिक खेल मल्लखंब की गौरवशाली परंपरा का शानदार प्रदर्शन झांसी में देखने को मिला। लक्ष्मी व्यायाम मंदिर झांसी के तत्वावधान में स्वर्गीय सीताराम गुप्ता स्मृति अखिल भारतीय आमंत्रण मल्लखंब प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 14 राज्यों से 400 से अधिक खिलाड़ी एवं अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में बुंदेलखंड सेवा मंडल के अध्यक्ष एवं झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा मुख्य अतिथि रहे।
समारोह में मल्लखंब क्षेत्र के पद्मश्री उदय देशपांडे, भारतीय मल्लखंब महासंघ के महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रमेश इंदौलिया, बुंदेलखंड सेवा मंडल के महामंत्री नरोत्तम दास अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशील खांडेकर, कार्यक्रम संयोजक संजय पटवारी तथा अतिरिक्त शिक्षा अधिकारी हरिशंकर कुशवाहा उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों ने मल्लखंब एवं योग के रोमांचकारी प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में जगदीश कौशल, वेंकटेश गुप्ता, सुनील भानु, रोहित गुप्ता एवं सिद्धार्थ अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन प्रतियोगिता समन्वयक केशव कुमार ने किया तथा आभार जगदीश कौशल ने व्यक्त किया।
सांसद अनुराग शर्मा ने प्रतियोगिता निदेशक राहुल चौकसी सहित देशभर से आए तकनीकी अधिकारियों का अभिनंदन किया। प्रतियोगिता में झारखंड, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, बिहार, पुडुचेरी, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात एवं तेलंगाना के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

