जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


प्रथम चरण में 1850 कार्मिकों को किया जा रहा प्रशिक्षित

झांसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना का कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले की समस्त तहसीलों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रथम स्लॉट में 1850 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी जनपद स्तरीय 75 फील्ड ट्रेनरों को सौंपी गई है।

मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देना है, ताकि सर्वेक्षण के दौरान त्रुटियों की गुंजाइश न्यूनतम रहे।

प्रशिक्षण सत्रों में मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की कार्यप्रणाली, घर-घर जाकर सर्वे करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। कर्मचारियों को बताया जा रहा है कि सर्वेक्षण के दौरान किन प्रक्रियाओं का पालन करना है और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस प्रकार करना है।

तहसील सदर के सभागार में तहसीलदार विवेक कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को गंभीरता से प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए सभी कर्मचारी प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें और नियमित रूप से सत्रों में शामिल होकर प्रशिक्षण पूरा करें।

प्रशिक्षण के प्रारंभ में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रगणकों और सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहना होगा, ताकि आगामी सर्वेक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story