विजयादशमी महोत्सव : इस बार अलग अंदाज में दिखेगा हाईटेक रावण, मुंह से उगलेगा आग, करेगा गर्जना

WhatsApp Channel Join Now
विजयादशमी महोत्सव : इस बार अलग अंदाज में दिखेगा हाईटेक रावण, मुंह से उगलेगा आग, करेगा गर्जना


80 फीट ऊंचे पुतलों का होगा दहन, 400 फीट लंबी स्वर्ण लंका बनेगी आकर्षण का केंद्र20 प्रतिशत जमीनी और 80 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी

20 अक्टूबर को बुंदेलखंड दशहरा कमेटी का 50वां भव्य विजयदशमी महोत्सव

झांसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के 50वें विजयदशमी महोत्सव में इस बार रावण का हाईटेक रूप दर्शकों को रोमांचित करेगा। दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को होने वाले आयोजन में बोलता हुआ रावण एक्शन करता नजर आएगा। वह गर्जना करने के साथ मुंह से आग उगलेगा। करीब 80 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके अलावा 400 फीट लंबी और 15 फीट ऊंची स्वर्ण लंका, लेजर शो और भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मंगलवार को होटल भावना में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर विधायक पं. रवि शर्मा और कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ने महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार, आतिशबाजी में 20 प्रतिशत जमीनी और 80 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी का इस्तेमाल किया जाएगा।

दोपहर दो बजे से होंगी प्रतियोगिताएं

महोत्सव में दोपहर दो बजे से रंगोली, फैंसी ड्रेस, मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिताएं रामकिशन निरंजन और प्रदीप त्रिपाठी की देखरेख में आयोजित होंगी।

तीन बजे निकलेगी राम बारात

प्रभु श्रीराम की भव्य राम बारात दोपहर तीन बजे जानकीपुरम स्थित मंदिर से रवाना होगी। जेएमके संचालक राकेश बघेल पूजन-अर्चन के बाद बारात को रवाना करेंगे। बलवीर कुशवाह और राजेश साहू के नेतृत्व में राम बारात दशहरा मैदान पहुंचेगी।

शाम छह बजे से आतिशबाजी

कमेटी पदाधिकारी लखनलाल गुप्ता ने बताया कि शाम छह बजे से आतिशबाजी प्रतियोगिता होगी। लाइट एंड साउंड शो, लेजर शो और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। आतिशबाजी के बाद रिमोट के माध्यम से पुतलों का विद्युत दहन किया जाएगा।

दिनेश चंद्र बड़े होंगे मुख्य अतिथि

कमेटी सदस्य संजय अग्रवाल ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं मार्गदर्शक दिनेश चंद्र बड़े मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में धर्माचार्यों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया है। कमेटी ने झांसीवासियों से सपरिवार शामिल होने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story