घायल युवक को सड़क पर तड़पता देख रुके पूर्व केंद्रीय मंत्री, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
घायल युवक को सड़क पर तड़पता देख रुके पूर्व केंद्रीय मंत्री, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल


एंबुलेंस आने में देरी होने पर प्रदीप जैन आदित्य ने दिखाई संवेदनशीलता, मेडिकल कॉलेज रेफर हुआ घायल युवक

झांसी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित गुरसराय टहरौली से बाइक पर सवार होकर गुरसराय आ रहे एक युवक को रास्ते में अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा तड़प रहा था। इसी दौरान गुरसराय से झांसी जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य की नजर घायल युवक पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और युवक की हालत देखकर उसकी मदद के लिए आगे आए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में काफी विलंब हो रहा था। घायल की हालत गंभीर देखते हुए उन्होंने समय गंवाए बिना निजी वाहन की व्यवस्था की और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान छोटू पुत्र बृजलाल कुशवाहा निवासी नारायणपुरा, थाना गुरसराय के रूप में हुई है। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ओपी राठौर, थाना प्रभारी अखिलेश कुमार द्विवेदी, उम्मेद सिंह चौहान, चंद्रप्रकाश चौरसिया, इकराम खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा विपरीत परिस्थितियों में संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं, घायलों की मदद के लिए आगे आएं

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने समाज के लोगों से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर कोई व्यक्ति दुर्घटना में घायल दिखाई दे तो उसे अनदेखा कर आगे न बढ़ें। हो सकता है कि आपकी छोटी-सी पहल किसी की जिंदगी बचा ले। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है। जरूरतमंद और संकट में पड़े व्यक्ति की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। दुर्घटना के समय घायल की सहायता करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। आपकी थोड़ी-सी संवेदनशीलता किसी परिवार की खुशियां उजड़ने से बचा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story