हथौड़ा मारकर डीएम ने परखी भवन की गुणवत्ता

WhatsApp Channel Join Now
हथौड़ा मारकर डीएम ने परखी भवन की गुणवत्ता


डुमरई में हाईस्कूल भवन के निरीक्षण में मिलीं कमियां, तत्काल सुधार के निर्देश

दीवार से लेकर ईंट और बीम तक देखी

झांसी, 20 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने विकासखंड बामौर के ग्राम डुमरई में निर्माणाधीन राजकीय हाईस्कूल भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी। उन्होंने स्वयं हथौड़े से दीवारों की मजबूती जांची। निरीक्षण में कुछ कमियां मिलने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि 132.77 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया जा रहा है। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 है और अब तक करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। भवन में कक्षा-कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, आर्ट क्राफ्ट कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय, कंप्यूटर लैब और टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण हो रहा है। निरीक्षण में एक कक्षा की दीवार की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया संतोषजनक नहीं मिली। एक बीम से सरिया निकला होने और ऊपरी हिस्से की कास्टिंग में भी कमियां मिलीं। टॉयलेट ब्लॉक में कुछ ईंटें मानक के अनुरूप नहीं मिलीं। एक कक्ष की दीवार में नमी मिलने पर डीएम ने प्रभावी उपाय करने और छत पर ब्रिक कोबा से वाटरप्रूफिंग कराने के निर्देश दिए।

खिड़कियों की जालियां मानक के अनुरूप मिलीं, लेकिन फिक्सिंग और वेल्डिंग की फिनिशिंग ठीक नहीं थी।

डीएम ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए ग्राम निधि से तार फेंसिंग कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला अधिकारी सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, रती वर्मा, यूपी सिडको के प्रोजेक्ट मैनेजर रजनीश कुमार श्रीवास्तव, सहायक अभियंता सौरभ पिपरैया सहित स्थानीय ग्रामीण जन एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बॉक्स

मानक से समझौता बिल्कुल नहीं चलेगा

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल हो और काम की लगातार निगरानी की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story