जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के चुनाव में अनूप यादव फिर बने अध्यक्ष, जावेद महासचिव निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के चुनाव में अनूप यादव फिर बने अध्यक्ष, जावेद महासचिव निर्वाचित


98 मतों से हुआ तीन पदों के लिए मतदानजीत के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के बीच मनाया जश्न

झांसी, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के चुनाव में अनूप यादव ने एक बार फिर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। झोकनबाग स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में सोमवार को हुए चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। शेष पदों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। तीनों पदों के लिए कुल 98 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर दो बजे तक चला। इसके बाद मतपत्रों की गणना की गई। परिणाम घोषित होने पर अध्यक्ष पद पर अनूप यादव ने 70 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी राघवेंद्र बुंदेला को पराजित किया। राघवेंद्र बुंदेला को 28 मत मिले। महासचिव पद पर मो. जावेद ने 71 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी प्रमोद सिमरधा को 23 मत मिले। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर लोकेन्द्र यादव 56 मत पाकर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र यादव को 42 मत प्राप्त हुए।

रजिस्ट्रार छत्रपाल सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह छा गया।

समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की धुन और आतिशबाजी के बीच जमकर जश्न मनाया गया।

पुनः अध्यक्ष निर्वाचित हुए अनूप यादव ने सभी सहयोगियों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि एसोसिएशन के सभी साथियों की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन से जुड़े बस ऑपरेटर्स की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया जाएगा।

इस अवसर पर हाजी तुफैल अहमद, देवेंद्र सिंह परिहार, इकराम खान, सुरेन्द्र सिंह यादव,प्रमोद स्वामी, कुंदन, सज्जन परिहार, लला ओपारा, प्रिंस, रवि यादव, अजय यादव पप्पू और अरविंद यादव खैलार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771382 Articles

Share this story