भाजपा को जनता नहीं करेगी माफ, 2027 में बदलेगा सत्ता का समीकरण : आराधना मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा को जनता नहीं करेगी माफ, 2027 में बदलेगा सत्ता का समीकरण : आराधना मिश्रा


कहा, सरकार की विफलताएं ही उसे सत्ता से बाहर कर देंगी

झांसी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की झांसी में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता का समीकरण बदलेगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली भाजपा को प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। सरकार को सत्ता से हटाने के लिए किसी अलग प्रयास की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि उसकी नाकामियां ही उसे सत्ता से बाहर कर देंगी।

वीरांगना नगरी झांसी में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचीं आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बुंदेलखंड में संगठन को मजबूत करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन कमजोर नहीं है। जरूरत पुराने और नए कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय कर पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ने की है।

उन्होंने बताया कि झांसी मंडल के तीनों जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय जानी जाएगी। इस संवाद से निकलने वाले सुझावों के आधार पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारी से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

प्रदेश में धार्मिक आयोजनों और कथाओं के बढ़ते राजनीतिक इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति और धर्म उनके लिए अलग-अलग विषय हैं। संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार धार्मिक गतिविधियां करने का अधिकार देता है। कांग्रेस सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है, लेकिन धर्म को राजनीति और वोट बैंक का माध्यम बनाने के पक्ष में नहीं है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने राजनीतिक जीवन में भगवान राम के नाम पर राजनीति की है। अब अयोध्या में चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दे सामने आना सनातन धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है। जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

बुंदेलखंड के विकास पर उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में आज भी युवाओं को दूसरे जिलों और प्रदेशों में पलायन करना पड़ रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के मोर्चे पर भी सरकार विफल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि मौजूदा सरकार ने कितनी नई सरकारी यूनिवर्सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए हैं। उन्होंने दावा किया कि बुंदेलखंड के अधिकांश प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुई। झांसी मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी स्थापना भी कांग्रेस शासनकाल में हुई थी और आज यह पूरे बुंदेलखंड के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story