अवैध नर्सिंग होम संचालन के आरोप में अधिकारियों के खिलाफ शिकायत

WhatsApp Channel Join Now

झांसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी अधिकारियों के संरक्षण में अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कराए जाने का आरोप लगाते हुए बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार को तहरीर देकर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मोर्चा अध्यक्ष भानू सहाय, प्रवक्ता रघुराज शर्मा और विधि प्रकोष्ठ के प्रदीप नाथ झा ने एसएसपी को दी तहरीर में कई विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

तहरीर में पूर्व चिकित्साधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय, झांसी विकास प्राधिकरण की पूर्व सचिव उपमा पांडेय, वर्तमान अधिशासी अभियंता राजकुमार, अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय तथा औषधि निरीक्षक राहुल कुमार के विरुद्ध जांच की मांग की गई है।

मोर्चा अध्यक्ष का आरोप है कि झांसी में संचालित कई नर्सिंग होम को संबंधित विभागों की ओर से पहले संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रदान की गई। अब उन्हीं संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं और ऐसा न करने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी जा रही है। मोर्चा ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

तहरीर में झांसी विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया कि कई नर्सिंग होम के नक्शे स्वीकृत नहीं किए गए और भू-उपयोग के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई। वहीं औषधि निरीक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि नर्सिंग होम परिसरों में कैमिस्ट की दुकानें भी संचालित हो रही हैं।

मोर्चा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी विकास कुमार ने मामले में शीघ्र जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story