कन्याभोज में तेज रफ्तार कार ने लोगों को रौंदा,पांच बच्चों समेत सात घायल

WhatsApp Channel Join Now
कन्याभोज में तेज रफ्तार कार ने लोगों को रौंदा,पांच बच्चों समेत सात घायल


झांसी, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बबीना थाना क्षेत्र के मथुरापुरा गांव में मंगलवार को कन्या भोज के दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया। मंदिर के पास भोजन करने के बाद बैठे लोगों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में पांच बच्चों समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

हादसे में चार वर्षीय इशिका, दो वर्षीय शनाया, 12 वर्षीय शिवम, चार वर्षीय इमरत और 10 वर्षीय आरव घायल हुए हैं। इनके अलावा 24 वर्षीय छोटे लाल और 30 वर्षीय देशराज भी कार की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शी ठुकरदास के अनुसार, गांव के मंदिर के पास कन्या भोज चल रहा था। बच्चे और अन्य लोग भोजन करने के बाद मंदिर के समीप बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार पहले एक पेड़ से टकराई और अनियंत्रित होकर मंदिर की ओर आ गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार ने वहां बैठे लोगों को टक्कर मार दी।

अचानक हुए हादसे से मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे और गाली-गलौज कर रहे थे। हालांकि, कार चालक के नशे में होने की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने कार तथा उसके चालक के संबंध में जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। हालांकि कई बार फोन लगाने के बाद भी थाना प्रभारी व सीओ सदर से वार्ता नहीं हो सकी।

इस सम्बंध में मेडिकल कॉलेज सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि बबीना थाना क्षेत्र में कन्या भोज के दौरान घायल 07 लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है। इनमें 05 बच्चे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story