सपा प्रमुख को पहले हमने भी समझाया था, न मानने पर श्रीराम व राष्ट्र को चुना : मनोज पाण्डे
अखिलेश यादव पर कैबिनेट मंत्री का बड़ा बयान
बोले- 2027 में फिर इतिहास रचेगी भाजपा
झांसी, 06 जून (हि.स.)। बीते साल सपा छोड़कर उत्तर प्रदेश सरकार में हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने मनोज पांडेय ने झांसी दौरे के दौरान विपक्षी दल खासतौर पर सपा पर जमकर हमला बोला। सपा की जमीन कब्जा व परिवारवाद वाली नीति को गलत ठहराते हुए उन्होंने इशारों ही इशारों में खुद को विभीषण व अखिलेश यादव की रावण से तुलना कर डाली। उन्होंने कहा कि हमने भी उनको समझाया था लेकिन जब वह नहीं माने तो हमने श्रीराम और राष्ट्र को चुना। कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति के लिए नहीं वरन राष्ट्र व श्रीराम के लिए समाजवादी पार्टी को छोड़ा और भाजपा में शामिल हुए। वह यहां एमएलसी रमा आरपी निरंजन के आवास पर मीडिया से वार्ता कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं, कि उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि झांसी पूरे देश में अपने शौर्य, पराक्रम और अपनत्व के लिए प्रसिद्ध है। यहां भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता ने बढ़-चढ़कर उनका स्वागत किया, जो संगठन की मजबूती और एकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि देश आपसी एकता और तालमेल के सहारे आगे बढ़ता है। भाजपा इसी भावना के साथ कार्य कर रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग वर्षों तक केवल अपने और अपने परिवार के हितों के लिए राजनीति करते रहे। आज वे न तो जमीन पर कब्जा कर पा रहे हैं और न ही नौकरियों में भ्रष्टाचार कर पा रहे हैं, इसलिए उन्हें वर्तमान व्यवस्था रास नहीं आ रही है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज कानून का राज स्थापित है। बहू-बेटियों की सुरक्षा पहले से अधिक सुनिश्चित हुई है और अपराधी किसी भी गलत कार्य से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और 17 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं के सम्मान और स्वच्छता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले माताओं और बहनों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अपमानजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार ने इसमें बड़ा बदलाव किया है। किसानों के विषय में उन्होंने कहा कि उनके उत्पादन का मूल्य सीधे उन्हें मिलना चाहिए और बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। यदि कोई बिचौलिया या अधिकारी किसानों का शोषण करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा अपने कार्यों के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर इतिहास रचेगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम और राष्ट्रहित के लिए राजनीतिक निर्णय लिया था। विभीषण का उदाहरण देते हुए उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक दल पर भी तीखा हमला बोला।
इस दौरान उनके साथ सदर विधायक रवि शर्मा, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी,रामतीर्थ सिंघल,गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता,जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, मैथिली शरण मुदगिल व मीडिया प्रभारी दीपक त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

