कौशल विकास से विकसित भारत का सपना होगा साकार : सह प्रान्त प्रचारक
बुवि सेवा संकल्प अभियान, ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना 2047’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 106 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग
झांसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना 2047’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के 106 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत को लेकर अपने विचार और सपने प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रघुवीर सिंह महाविद्यालय की संस्कृति भोंडले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ कम से कम एक कौशल जरूर सीखना चाहिए। कौशल विकास से युवा आत्मनिर्भर बनेंगे और देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में किसी न किसी कला का विकास होना चाहिए, क्योंकि कला ज्ञान और भावनाओं की प्रभावी अभिव्यक्ति का माध्यम है। सफलता के लिए मन पर नियंत्रण आवश्यक है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ भारतीय जीवन दृष्टि का मूल भाव रहा है। भारतीय परंपरा ने पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखने का संदेश दिया है।
विशिष्ट अतिथि प्राचार्य राकेश पांडेय ने युवाओं से अपने कौशल को निरंतर निखारने का आह्वान किया। साहित्यकार रचना विमल ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक दायित्व और सोशल मीडिया संस्कृति जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियां विद्यार्थियों की सृजनात्मकता को मंच देने के साथ विकसित भारत की परिकल्पना को अभिव्यक्ति प्रदान कर रही हैं।
प्रतियोगिता में दयानंद वैदिक कॉलेज की प्राची सिंह द्वितीय और नेहरू महाविद्यालय, ललितपुर की समृद्धि पाराशर तृतीय रहीं। निर्णायक साहित्यकार पन्नालाल असर और ब्रजलता मिश्रा रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी प्रो. मुन्ना तिवारी ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

