बुवि में 03 से 05 अगस्त तक आयाेजित होगा फाइन आर्ट फेयर–2026, कला और संस्कृति का जुटेगा संगम

WhatsApp Channel Join Now
बुवि में 03 से 05 अगस्त तक आयाेजित होगा फाइन आर्ट फेयर–2026, कला और संस्कृति का जुटेगा संगम


झांसी, 02 अगस्त (हि.स.)।

झांसी स्थित बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर ललित कला संस्थान द्वारा 3 से 5 अगस्त 2026 तक फाइन आर्ट फेयर–2026 का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित यह फेयर कला, शिक्षा और संस्कृति को एक मंच पर लाने की महत्वपूर्ण पहल होगी। आयोजन में चित्रकला, मूर्तिकला, ग्राफिक कला, प्रिंटमेकिंग और समकालीन कला की उत्कृष्ट कृतियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। साथ ही कलाकारों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों के बीच रचनात्मक संवाद का अवसर भी मिलेगा।

फेयर का उद्देश्य युवा एवं स्थापित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना, कला के क्षेत्र में स्वरोजगार और व्यावसायिक संभावनाओं को बढ़ावा देना तथा कला संग्रहण और विपणन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। आयोजन के माध्यम से कलाकार अपनी रचनात्मक क्षमता के साथ-साथ कला के आर्थिक पक्ष को भी मजबूत कर सकेंगे।

फाइन आर्ट फेयर–2026 में देश के विभिन्न राज्यों से कलाकारों, कला शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की भागीदारी होगी। यह आयोजन प्रतिभागियों को समकालीन कला की नई प्रवृत्तियों, तकनीकों और सृजनात्मक दृष्टिकोण से परिचित कराएगा। वरिष्ठ और युवा कलाकारों के बीच संवाद से नए विचारों और संभावनाओं का आदान-प्रदान भी होगा।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. श्वेता पाण्डेय ने रविवार काे बताया कि फेयर का उद्देश्य कला को समाज, शिक्षा और रोजगार से जोड़ना है। सह-समन्वयक डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन कलाकारों को अपनी कृतियों के प्रदर्शन, विपणन और व्यापक पहचान का अवसर देगा। वहीं कला अध्यापक गजेन्द्र सिंह ने इसे विद्यार्थियों के लिए प्रत्यक्ष शिक्षण और नई कलात्मक तकनीकों को समझने का उत्कृष्ट मंच बताया।

फाइन आर्ट फेयर–2026 का आयोजन ललित कला संस्थान परिसर, बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में होगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आम नागरिकों और कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story