कुलपति ने 60 टीबी मरीजों को दी पोषण पोटली, कृषि संस्थान में किया पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
कुलपति ने 60 टीबी मरीजों को दी पोषण पोटली, कृषि संस्थान में किया पौधरोपण


सेवा संकल्प अभियान : बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

झांसी, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में टीबी मुक्त भारत अभियान और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 60 क्षय रोगियों को विश्वविद्यालय अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की।

कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने कहा कि क्षय रोग के उन्मूलन के लिए चिकित्सा के साथ सामाजिक सहभागिता और पर्याप्त पोषण भी जरूरी है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया। कुलसचिव ज्ञानेन्द्र शुक्ला, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह और परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने भी टीबी उन्मूलन में जनसहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रो. मुन्ना तिवारी, डॉ. शंभूनाथ, डॉ. अनुपम व्यास, डॉ. शिल्पा मिश्रा, डॉ. अमिता कुशवाह, डॉ. सतेंद्र सिंह, डॉ. राजीव बबेले, डॉ. संतोष पांडेय समेत समाज कार्य विभाग के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन टीबी अभियान की नोडल प्रभारी डॉ. नेहा मिश्रा ने किया।

वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वविद्यालय के कृषि संस्थान में पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के लिए वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कृषि संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय संस्थान के समन्वयक डॉ. संतोष पांडेय ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story