भाजपा महानगर अध्यक्ष ने उठाई केमिकल ड्रग्स की बिक्री पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने उठाई केमिकल ड्रग्स की बिक्री पर कार्रवाई की मांग


प्रभारी मंत्री को लिखा पत्र, एंबुलेंस व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

झांसी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी शहर में कथित रूप से बढ़ रही केमिकल ड्रग्स की बिक्री को लेकर प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह से प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है। भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने 18 सितंबर को पत्र भेजकर सार्वजनिक स्थानों पर कथित अवैध बिक्री की गोपनीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब उनका पत्र वायरल हो रहा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि झांसी में केमिकल ड्रग्स की बिक्री का नेटवर्क सक्रिय है। विश्वविद्यालय के आसपास चाय-नाश्ते के स्टॉल, मेडिकल कॉलेज, प्रमुख मॉल, बड़े होटल और बाजारों सहित कई स्थानों पर कथित तौर पर इनकी बिक्री की जा रही है। शिकायतकर्ता ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधि से युवाओं के प्रभावित होने की आशंका है।

पत्र में कहा गया कि शहर के युवाओं में केमिकल ड्रग्स के इस्तेमाल को लेकर गंभीर चिंता है। शिकायतकर्ता ने मांग की कि संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर संवेदनशील स्थानों पर गोपनीय तरीके से छानबीन कराई जाए और बिक्री एवं आपूर्ति से जुड़े लोगों की पहचान की जाए।

शिकायत में वायरल वीडियो और ऑडियो का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ संबंधित चौकियों और थानों के आरक्षियों अथवा जिम्मेदार लोगों की कथित भूमिका सामने आने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि यदि किसी पुलिसकर्मी या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो सके।

इस संबंध में महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि महानगर में ड्रग्स की अवैध बिक्री चिंता का विषय है। इससे भी ज्यादा चिंतनीय पुलिस की संलिप्तता है।

एंबुलेंस व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

प्रभारी मंत्री को दिए एक अन्य पत्र में मेडिकल कॉलेज के बाहर निजी एंबुलेंस संचालकों के कथित दबदबे की शिकायत की गई है। आरोप है कि मरीज और तीमारदार अपनी पसंद की एंबुलेंस नहीं बुला पाते और उन्हें वहां मौजूद संचालकों की शर्तों पर वाहन लेना पड़ता है। एंबुलेंस के संचालन को लेकर विवाद और संघर्ष होने का भी दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता ने दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story