बूथ मजबूत होगा तो 2027 में जीत सुनिश्चित होगी : धर्मपाल सिंह
झांसी, 08 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी झांसी विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन बुधवार को पंडित दीनदयाल सभागार में आयोजित किया गया। सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ जीतो, चुनाव जीतो संगठन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संरचना और प्रभावी बूथ प्रबंधन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। सम्मेलन में सभी 439 बूथ अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सक्रियता, अनुशासन तथा समर्पण से ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर संगठन के सभी कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, बूथ समितियों को सक्रिय बनाने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। समाज के सभी वर्गों से सतत संवाद और सेवा कार्यों के माध्यम से बूथों को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आज का बूथ अध्यक्ष भविष्य में मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष रानू देवलिया ने किया। सांसद अनुराग शर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह परिछा, महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, एमएलसी रमा निरंजन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जन-मन गीत के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

