बीआईईटी को राष्ट्रीय रैंकिंग में मिला स्थान, इंडिया टुडे इंजीनियरिंग कॉलेज रैंकिंग में 127वीं रैंक
सरकारी संस्थानों की श्रेणी में 30वां स्थान
झांसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (बीआईईटी) झांसी ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। इंडिया टुडे इंजीनियरिंग कॉलेज ओवरऑल रैंकिंग में संस्थान को अखिल भारतीय स्तर पर 127वीं रैंक मिली है। वहीं सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज एवं तकनीकी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में बीआईईटी ने 30वां स्थान प्राप्त किया है।
संस्थान के डीन अकादमिक प्रो. एनपी यादव ने यह जानकारी साझा की। निदेशक प्रो. जितेंद्र कुमार शर्मा ने उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए शिक्षकों, अधिकारियों, स्थायी एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है।
निदेशक ने विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों के प्रयास संस्थान की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर रहे हैं। रैंकिंग की जानकारी मिलने पर संस्थान परिवार में हर्ष का माहौल रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

