हंसारी रेलवे ओवरब्रिज को मिली हरी झंडी, जल्द शुरू होगा निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
हंसारी रेलवे ओवरब्रिज को मिली हरी झंडी, जल्द शुरू होगा निर्माण


हंसारी रेलवे ओवरब्रिज को मिली हरी झंडी, जल्द शुरू होगा निर्माण


सैन्य-असैन्य संपर्क सम्मेलन में सेना और प्रशासन के बीच जनहित के मुद्दों पर बनी सहमति, आशा स्कूलों को मिले 18 लाख रुपये

झांसी, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘व्हाइट टाइगर डिविजन’ के तत्वावधान में झांसी में साेमवार काे सैन्य-असैन्य संपर्क सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की सह-अध्यक्षता व्हाइट टाइगर डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल मनदीप सिंह और झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने की।

सम्मेलन में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, रेलवे, विकास प्राधिकरण, कानून प्रवर्तन एजेंसियों सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। मेजर जनरल मनदीप सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और राष्ट्र निर्माण के लिए सैन्य एवं नागरिक एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय को जरूरी बताते हुए नागरिक प्रशासन को निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि झांसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के समपार संख्या-369 यानी हसारी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्यदायी संस्था पुनिया कंस्ट्रक्शन कंपनी, हिसार को सामग्री रखने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

बैठक में भट्टागांव की सड़क निर्माण, केलिव बिहार-सिमराहा मार्ग, बबीना स्टेशन रोड से टपरियन की ओर 600 मीटर सड़क, बरुआसागर के मूंशिल माता मंदिर से जुड़ी सैन्य भूमि के उपयोग, सदर बाजार में पार्किंग और अतिक्रमण हटाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बबीना कैंट की सड़कों की मरम्मत, पार्कों में बच्चों को खेल सुविधाएं देने तथा एनओसी के कारण जमीनों के क्रय-विक्रय में आ रही समस्याओं के समाधान पर भी सहमति बनी।

विशेष बच्चों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सांसद अनुराग शर्मा ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर आशा स्कूल झांसी और आशा स्कूल बबीना को 18 लाख रुपये की चेक धनराशि प्रदान की।

सम्मेलन का समापन सैन्य और नागरिक प्रशासन के बीच नियमित संवाद, आपसी विश्वास और समन्वित प्रयासों के माध्यम से क्षेत्रीय विकास एवं जनकल्याण को गति देने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story