रिश्ते की खुशी से पहले मातम, सड़क हादसे में दंपति की मौत
झांसी एम्पायर के सामने ओवरब्रिज पर बिगड़ा बाइक का संतुलन, पीछे से आए भारी वाहन ने कुचला
झांसी, 30 सितंबर (हि.स.)। भतीजी के रिश्ते की खुशी में शामिल होने झांसी आ रहे दंपति की बुधवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में शिवपुरी-ग्वालियर हाईवे बाईपास स्थित झांसी एम्पायर के सामने ओवरब्रिज पर हुआ। बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आए भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी बालकिशन जाटव (55) और उनकी पत्नी रामरति (52) के रूप में हुई है। दोनों खेती-किसानी करते थे।
बताया गया कि बुधवार को रामरति के मायके बिरगुवां गांव में उनके भाई भगवत की बेटी रूपा को लड़के वाले देखने आने वाले थे। इसके लिए कार्यक्रम सखी के हनुमान मंदिर में रखा गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बालकिशन और रामरति बाइक से झांसी आ रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे जब उनकी बाइक झांसी एम्पायर के सामने ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी पीछे से आए एक भारी वाहन के तेज हॉर्न से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आया भारी वाहन दोनों को कुचलता हुआ निकल गया।
थाना सीपरी बाजार प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश चौबे ने बताया कि हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन की पहचान के संबंध में जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

