पिकअप की टक्कर से घायल सात वर्षीय मासूम की मौत, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप की टक्कर से घायल सात वर्षीय मासूम की मौत, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन


झांसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सदर बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क पार करते समय पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल हुए सात वर्षीय मासूम की ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को परिजन शव लेकर सदर बाजार थाने पहुंचे और बाहर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर लेकर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम पलिंदा निवासी रघुवीर सदर बाजार में काली मां के दरबार के पास लगे मेले में गुब्बारे और खिलौने आदि की दुकान लगाए हुए हैं। वह परिवार के साथ वहीं झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उनका सात वर्षीय पुत्र रणवीर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप और चालक को कब्जे में ले लिया। घायल रणवीर को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर सदर बाजार थाने पहुंचे और बाहर सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।

सदर बाजार थाना प्रभारी अरुण तिवारी के अनुसार हादसे के बाद पिकअप को तत्काल कब्जे में ले लिया गया था। घायल बच्चे का ग्वालियर में उपचार चल रहा था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन थाने के बाहर न्याय की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story