अतीक के बेटे अबान की मौत का कथित वीडियो आया सामने, ओवरटेक करते ही बेकाबू हुई थी कार

WhatsApp Channel Join Now
अतीक के बेटे अबान की मौत का कथित वीडियो आया सामने, ओवरटेक करते ही बेकाबू हुई थी कार


झांसी, 12 अगस्त (हि.स.)। माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में तेज रफ्तार क्रेटा कार एक पिकअप वाहन को ओवरटेक करने के बाद अचानक बेकाबू होती दिखाई दे रही है। इसके बाद कार डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकराती है और टक्कर इतनी भीषण होती है कि कार करीब 10 फीट तक हवा में उछल जाती है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो उसी हादसे का है, जिसमें अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई थी।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो अबान की कार के पीछे चल रही एक अन्य कार के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। हादसा 6 अगस्त को झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ था। अबान (21) अपने भाई अली से मिलने के लिए झांसी जेल जा रहा था। इसी दौरान कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रही लोकेशन घटनास्थल से मेल खाती है। घटनास्थल के आसपास बने मकान भी वीडियो में नजर आ रहे हैं। हादसे की स्थिति भी घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्ष जानकारी से मिलती-जुलती बताई जा रही है। रिपोर्टर के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचे थे और घटनास्थल को करीब से देखा था।

हालांकि, पुलिस ने अभी वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मोठ के सीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। झांसी एसएसपी ने वीडियो की सत्यता की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने और वीडियो की पुष्टि होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story