पुलिस ने 39 लाख के 204 गुम मोबाइल लोगों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने 39 लाख के 204 गुम मोबाइल लोगों को लौटाए


झांसी, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में झांसी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 204 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने सभी बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

हर माह चलाया जाता है अभियान

एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि जनपद के विभिन्न थानों में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज हो रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए स्वाट और सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामदगी के लिए लगाया गया। टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइलों को ट्रेस करते हुए 204 फोन बरामद किए।

CEIR और IMEI से हुई ट्रैकिंग

पुलिस के अनुसार मोबाइलों की तलाश में CEIR पोर्टल और IMEI नंबर की मदद ली गई। सर्विलांस टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए गुम हुए मोबाइलों की लोकेशन और इस्तेमाल की जानकारी जुटाई। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए गए।

मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे

मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस लाइन सभागार में उनके स्वामियों को बुलाया गया। करीब 50-60 लोग अपने मोबाइल लेने पहुंचे। पुलिस द्वारा फोन सौंपे जाने के बाद कई लोगों ने खुशी जाहिर की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि गुम हुए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story