रामायण प्रसंगों पर आधारित दो दिवसीय राष्ट्रीय चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन 23 अक्टूबर को

WhatsApp Channel Join Now

राजकीय संग्रहालय में सजेगी देशभर के कलाकारों की कलाकृतियां

झांसी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मणिकर्णिका आर्ट गैलरी के तत्वावधान में रामायण के प्रसंगों पर आधारित राष्ट्रीय सामूहिक चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन 23 अक्टूबर को दोपहर दो बजे राजकीय संग्रहालय, झांसी में होगा। प्रदर्शनी में देशभर के विभिन्न शहरों से आए चित्रकारों की रामायण के प्रसंगों पर आधारित कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।

उद्घाटन समारोह में संस्कार भारती के प्रदेश महामंत्री नरेश चंद्र अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों में राजकीय संग्रहालय झांसी के उप निदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम, वरिष्ठ चित्रकार किशन सोनी और हिंदी साहित्य भारती के जिलाध्यक्ष संजय राष्ट्रवादी शामिल होंगे।

प्रदर्शनी संयोजक एवं मणिकर्णिका आर्ट गैलरी की निदेशक चित्रकार कामिनी बघेल ने बताया कि गैलरी की ओर से देश के विभिन्न शहरों में कला प्रदर्शनियों का आयोजन कर कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाता रहा है। इसी श्रृंखला में झांसी में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में रामायण के विविध प्रसंगों, पात्रों और घटनाओं को कलाकारों ने अपनी कला और कल्पना के माध्यम से कैनवास पर उकेरा है। प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं को चित्रकला के माध्यम से देखने का अवसर प्रदान करेगी।

प्रदर्शनी 23 से 25 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। कामिनी बघेल ने नगरवासियों और कला प्रेमियों से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story