झांसी : 30 दिन में एक लाख 32 हजार से अधिक परिवारों तक पहुंचा संघ

WhatsApp Channel Join Now
झांसी : 30 दिन में एक लाख 32 हजार से अधिक परिवारों तक पहुंचा संघ


संघ के शताब्दी वर्ष पर विशेष गृह सम्पर्क अभियान 1 से 31 दिसंबर तक हुआ पूरा

12 जनवरी से महानगर के 95 स्थानों पर होंगे विराट हिन्दू सम्मेलन

झांसी, 10 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक चलने वाला व्यापक गृह संपर्क अभियान झाँसी महानगर की प्रत्येक नगर, बस्ती एवं खण्ड के मण्डलों में चलाया गया। 30 दिनों में महानगर में करीब 618 टोलियों ने एक लाख 32 हजार 231 परिवारों तक पहुंचकर संघ के उद्देश्य व राष्ट्रहित को जन जन तक पहुंचाने का कार्य किया। इस दौरान विशेष गृह सम्पर्क अभियान भी चलाया गया। इसके तहत विभिन्न दायित्वधारी स्वयंसेवकों ने आकर समाज के विशिष्ट लोगों से संपर्क करते हुए उन्हें पंच परिवर्तन के प्रति जागरूक किया।

झांसी महानगर प्रचार प्रमुख जितेंद्र ने शनिवार काे जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने सौ वर्षों के विशेष अवसर पर विजयादशमी उत्सव, घर-घर संपर्क अभियान, प्रबुद्ध जन गोष्ठियों, हिंदू सम्मेलन, युवा कार्यक्रमों तथा अधिकाधिक स्थानों पर शाखाओं के आयोजन जैसे विविध कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इसी क्रम में, गृह संपर्क अभियान को लेकर स्वयंसेवक झाँसी महानगर के समस्त नगरों (छत्रसाल, वासुदेव, छावनी, दीनदयाल, माधव, सीपरी, शिवाजी, सारन्ध्रा, बबीना, विश्वकर्मा, दुर्ग) की सभी बस्तियों में टोलियाँ बनाकर सक्रिय रूप से पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही बबीना खण्ड के सभी मंडलों के गाँवों में भी अभियान प्रभावी रूप से चलाया गया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत स्वयंसेवकों द्वारा घर-घर जाकर परिवारों से सम्पर्क स्थापित कर भेंटकर भारत माता का चित्र, संघ की गतिविधियों से संबंधित पत्रक और पुस्तिका प्रदान की गई। साथ ही, परिवारों के साथ संवाद स्थापित कर संघ की 100 साल की यात्रा और उसके मूल सिद्धांतों, मूल्यों और उद्देश्य के बारे में बताते हुए तथा समाजहित में चल रही संगठन की गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।

उन्होंने बताया कि अभियान का प्रमुख लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन के राष्ट्रनिर्माण संबंधी उद्देश्यों को पहुँचाना और राष्ट्रवादी संवेदनाओं को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत प्रत्येक परिवारों को संघ से जोड़ा गया और उनके साथ सामाजिक समरसता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

12 जनवरी से 12 फरवरी तक विराट हिन्दू सम्मेलन

संघ शताब्दी वर्ष में सकल हिन्दू समाज द्वारा 12 जनवरी से 12 फरवरी तक विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। ये सम्मेलन सभी 85 बस्तियों व 10 मंडलों समेत कुल 95 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story