दबंगों से प्रताड़ित होकर आग लगाने वाली राजकुमारी मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर

WhatsApp Channel Join Now

जमीन विवाद में ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई थी आग

झांसी, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिमरधा गांव में प्रधानमन्त्री आवास योजना में अपना आवास स्वीकृत होने के बाद उसे बनाने जा रही महिला और उसके पति को दबंगों ने मारपीट एवं अपमानित करते हुए इतना प्रताड़ित किया कि महिला ने खुद को आग लगा ली। बुरी तरह झुलसी हुई हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां देर शाम तक उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मेडिकल कॉलेज सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि महिला चेहरे, गर्दन, सीने आदि में बुरी तरह झुलसी थी। महिला की हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज से देर रात लखनऊ के लिए रेफर कर दिया था। रविवार की शाम तक उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गौरतलब है कि सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सिमरधा निवासी छोटेलाल अहिरवार का गाँव में एक जमीन पर वर्षों पुराना जानवरों का बाड़ा है। इस जमीन पर वह मकान बनाना चाहते थे। उनकी पत्नी राजकुमारी के नाम पर प्रधानमन्त्री आवास योजना में आवास स्वीकृत हो गया। लगभग 02 महीने पहले इसकी पहली किश्त भी आ गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने उस जमीन पर जैसे ही निर्माण शुरू किया, गाँव के कुछ दबंगों ने आपत्ति करते हुए गाँव के अन्य लोगों को उकसाया और इस जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास किया। इस पर दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 बुलाई तो पुलिस ने जाकर मामला शान्त करा दिया, लेकिन पुलिस के जाते ही एक बार फिर विपक्षियों ने मारपीट करते हुए हंगामा कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर राजकुमारी ने उस जमीन पर ही अपने ऊपर डीजल डालकर खुद को आग लगा ली थी। यह देख हमलावर वहाँ से भाग खड़े हुए।

13 पर मुकदमा,5 गिरफ्तार

राजकुमारी के पति छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। साथ ही सीपरी बाजार पुलिस ने नामजद आरोपित सियाराम अहिरवार, जगन्नाथ अहिरवार, अनिल कुमार, दीपक अहिरवार व दिनेश अहिरवार को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इनका है कहना

इस संबंध में सीपरी थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि अभी तक 05 आरोपियों की ही गिरफ्तारी की गई है। अन्य की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story