भीषण गर्मी में निर्वाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति को लेकर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में निर्वाध विद्युत और पेयजल आपूर्ति को लेकर हुआ मंथन


झांसी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उप्र की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा सहित झांसी में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में की गई। जिसमें गर्मी में पेयजल, विद्युत आपूर्ति व सड़कों पर गड्ढों को लेकर प्रभारी मंत्री गंभीर दिखी।

बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री का फोकस जनपद में बिजली, सड़क और पानी पर रहा। उन्होंने अधिकारियों से आम जनता को राहत देने के लिए अब तक किए गए कार्य एवं अन्य योजनाओं की अपडेट प्रगति की जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित एवं निर्बाध रूप से कराई जाए, ताकि किसानों एवं आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को बढ़ाने, जहां जरूरत हो वहां विद्युत पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभागीय अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ट्रांसफॉर्मर, फीडर और लाइन की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण कराया जाए। प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की जानकारी ली, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना अंतर्गत घरों में लगे प्रत्येक जल संयोजन तक पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां पानी नहीं पहुंच रहा है वहां बूस्टर लगाते हुए पानी उपलब्ध कराएं।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने योजनांतर्गत रोड काटने के बाद उसे अब तक ठीक न करने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल ऐसी सड़कों का सर्वे करने के निर्देश दिए। बैठक में आईसीडीएस पोषण अभियान की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अति कुपोषित बच्चों की जानकारी ली और जनपद में सैम/ मैम में चिन्हित 5533 बच्चों की सापेक्ष 4593 बच्चों के सुधरीकरण पर अच्छा कार्य होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जनपद में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र की जानकारी ली, वर्ष 2023-24 में 45 के सापेक्ष 36 पूर्ण एवं 09 निर्माणाधीन एवं वर्ष 2024-25 में 18 के सापेक्ष 10 पूर्ण 08 निर्माणाधीन को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद में संचालित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की समीक्षा के दौरान वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक झांसी में 403 स्वीकृत सीटों के सापेक्ष मात्र 286 अभ्यार्थियों के प्रवेश पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य महिला पॉलिटेक्निक झांसी को निर्देशित किया। उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक झांसी में 415 प्रवेश के लिए स्वीकृत सीटों के सापेक्ष 376 पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द शत प्रतिशत प्रवेश कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद में अधिकारियों द्वारा टीवी मरीजों को गोद लेकर उन्हें उपचारित कराए जाने की जानकारी दी।

बैठक में विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप पेयजल योजना के माध्यम से सभी गांवों में पानी पहुंचाने की जानकारी ली। उन्होंने बुढ़पुरा, तिलेथा, गुलारा, बचावली एवं रनगुवां योजना के अंतर्गत सभी गांवों में अधिकारी के साथ भ्रमण करने की इच्छा व्यक्त की ताकि सुनिश्चित किया जाए कि घरों तक पानी पहुंच जा रहा है। विधायक बबीना ने बरुआसागर में 05 किमी का बाईपास रोड के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि अब क्षेत्र जेडीए में आ गया है। इसका निस्तारण कराया जाए ताकि निर्माणकाल प्रारम्भ किया जा सके।

बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पटेल, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद डा बाबूलाल तिवारी, जिलाधिकारी मृदुल चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, डीएफओ नीरज कुमार आर्य, सीएमओ डा सुधाकर पांडेय,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार,आधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता, डीएसटीओ डा अर्चना सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story