झांसी में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा शहर

WhatsApp Channel Join Now
झांसी में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा शहर


झांसी, 16 जुलाई (हि.स.)। महानगर के गोला कुआं स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर भगवान की अगवानी की।

रथयात्रा से पहले मंदिर में भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। शाम को महाआरती के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और इस्कॉन भक्तों के हरिनाम संकीर्तन के बीच रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से रस्सियां पकड़कर भगवान के रथ को खींचा और पुण्य लाभ अर्जित किया।

रथयात्रा गंधीगर का टपरा, सराफा बाजार, मानिक चौक, रानी महल, सुभाष गंज और बड़ा बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकली। जगह-जगह श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण किया। गंधीगर का टपरा क्षेत्र में पीयूष रावत, पुनीत रावत सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विशेष स्वागत किया।

नगर भ्रमण के बाद रथयात्रा पुनः मंदिर पहुंची, जहां भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। इस अवसर पर नगर विधायक रवि शर्मा, सुनीता शर्मा, राज्य मंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा, दुष्यंत चतुर्वेदी, डॉ. संजय त्रिपाठी, डॉ. दिलीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिवा नौराई ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story