गर्मी का कहर : अब स्कूलों का समय सुबह 7.15 से 11.15, अस्पतालों में बढ़ेंगी सुविधाएं
शहर में वाटर कूलर व ओआरएस सेंटर की व्यवस्था के निर्देश
झांसी, 27 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बच्चों और जनपदवासियों को लू से बचाने के लिए व्यापक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों से लेकर इंटर कॉलेज तक का समय परिवर्तित कर प्रातः 07:15 बजे से 11:15 बजे तक संचालित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं तेज धूप से बच सकें। मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में हीट वेव के मरीजों के लिए बेड बढ़ाने, कोल्ड रूम की व्यवस्था करने और तीमारदारों के लिए टेंट व पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी-पीएचसी स्तर पर ओआरएस, दवाएं व आईवी फ्लूड उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लू या अग्निकांड से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और हीट वेव से निपटने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।
गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लू से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाए। स्कूलों में ‘क्या करें, क्या न करें’ के पोस्टर लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
पशुओं और जरूरतमंदों के लिए भी इंतजाम
पशुपालन विभाग और नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर छाया व पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रैन बसेरों को सक्रिय करने और जरूरतमंदों को राहत देने पर भी जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

