डोंगरी बांध से 50 घंटे बाद किसान का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now

20 फरवरी को खेत में सरसों काटने को निकला था किसान

झांसी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। रक्सा थाना क्षेत्र में रमपुरा गांव के किसान हरदास का शव डोंगरी डैम से 50 घंटे बाद रविवार काे बरामद कर लिया गया है। हरदास 20 फरवरी की सुबह खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे और डैम में डूब गए थे। पुलिस और यूपी एसडीआरएफ की टीमें लगातार उनकी तलाश कर रही थीं।

दरअसल हरदास ने डोंगरी बांध के एक टापू पर सरसों की फसल बोई थी। 20 फरवरी को वह सरसों की कटाई के लिए ट्यूब के सहारे बांध में लगभग 500 मीटर अंदर गए थे। टापू से करीब 200 मीटर पहले ही ट्यूब से हवा निकल गई, जिससे वह पानी में डूब गए। पास खड़े उनके पड़ोसियों ने हरदास को डूबते हुए देखा, लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए। उन्होंने तत्काल रक्सा पुलिस को घटना की सूचना दी। रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। 21 फरवरी से एसडीआरएफ की टीम भी इस अभियान में जुट गई थी। हरदास का शव डैम से रविवार की दोपहर तीन बजे बरामद किया गया।

इनका है कहना

रक्सा थाना प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story