झांसी : नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
झांसी : नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने संभाला कार्यभार


झांसी : नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने संभाला कार्यभार


सुशासन व पारदर्शिता पर जोर, जनसुनवाई को दी प्राथमिकता

झांसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला कोषागार में कार्यभार ग्रहण कर लिया। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी इससे पूर्व उन्नाव में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए और अधिकारियों के साथ जनसुनवाई में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च रखते हुए सुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना, विकास कार्यों को गति देना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही जनसुनवाई को प्रभावी बनाकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त वरुण कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

“मैं अधिकारी भी, अभिभावक भी” : डीएम

नवागत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर कार्यशैली स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि “मैं प्रशासनिक अधिकारी भी हूं और अभिभावक भी”, इसलिए टीम भावना से काम कर गुणवत्ता व गति दोनों सुनिश्चित की जाएं। बैठक में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद रहे। डीएम ने धारा-24 व 116 के वादों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली को और सक्रिय करने तथा ई-फाइलिंग बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही प्रत्येक पटल पर आवश्यक रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की निगरानी प्रभावी हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story