मुक्ता काशी मंच के पास मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
मुक्ता काशी मंच के पास मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर


सरकारी जमीन कराई गई कब्जामुक्त, भारी पुलिस बल रहा तैनात

झांसी, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के नवाबाद थाना क्षेत्र में स्थित मुक्ता काशी मंच के पास बनी एक मजार पर प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रशासन ने हजरत इमरती शाह बाबा की मजार को अवैध अतिक्रमण बताते हुए उसे हटाकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ही झांसी विकास प्राधिकरण की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मजार को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जो करीब दो घंटे तक चली। प्रशासन ने पहले ही इस स्थल को अतिक्रमण घोषित कर नोटिस जारी किया था, लेकिन पूर्ण रूप से अतिक्रमण नहीं हटाया गया था।

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक भी लगा दी थी। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत की गई है।

झांसी विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि संबंधित भूमि प्राधिकरण की है और इस पर अवैध कब्जा किया गया था। नोटिस दिए जाने के बावजूद पूरा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story