झांसी से लखनऊ के लिए दो एसी बसों की शुरुआत, सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
झांसी से लखनऊ के लिए दो एसी बसों की शुरुआत, सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी


झांसी से लखनऊ के लिए दो एसी बसों की शुरुआत, सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी


झांसी से प्रदेश की राजधानी का सफर हुआ पहले से अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक

झांसी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार यूपी रोडवेज से सफर करने वाले यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा कराने के लिए लग्जरी बसों के बेड़े को निरंतर बढ़ा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को झांसी डिपो की 02 अत्याधुनिक वातानुकूलित बसों को झांसी रोडवेज बस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया। रोडवेज के अफसरों की मौजूदगी में सदर विधायक रवि शर्मा ने बसों को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया।

क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज संतोष कुमार सिंह ने बताया कि झांसी से लखनऊ के बीच दो अत्याधुनिक वातानुकूलित बस की सुविधा शुरू की गई है। इन दोनों अत्याधुनिक एसी बसों में से झांसी से एक बस सुबह लखनऊ के लिए रवाना होगी जबकि दूसरी बस शाम को रवाना होगी। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार झांसी से पहली एसी बस सुबह 6:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। वहीं दूसरी बस शाम 6:30 बजे प्रस्थान करेगी। दोनों बसें तय समय पर संचालित की जाएंगी, ताकि यात्रियों को नियमित और भरोसेमंद सेवा मिल सके। लखनऊ से भी इन्हीं समयानुसार बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन संतुलित बना रहेगा। बस को रवाना किए जाने के मौके पर सदर विधायक रवि शर्मा के अलावा अन्य स्थानीय जन प्रतिनिधि और रोडवेज विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन के बेड़े में ये दो शानदार बसें उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा को बताती हैं कि हम लोगों को सुगम और सस्ता यातायात कैसे उपलब्ध करवा पाएं। झांसी से लखनऊ तक चलने वाली ये बसें एक सुबह और एक शाम को जाएगी। लखनऊ तक आवागमन की सुविधा में बढ़ोत्तरी के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने ये शानदार निर्णय लिया है। अब उत्तर प्रदेश परिवहन के बेड़े में लग्जरी बसें बढ़ती चली जा रही हैं। यह योगी जी का विजन है कि लोग अब प्राइवेट से सरकारी की ओर मूव कर रहे हैं। सदर विधायक ने कहा कि अब इस सेवा के शुरू होने से बुंदेलखंड और राजधानी के बीच सफर अब पहले से अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि वह कुछ देर पहले ही क्षेत्रीय प्रबंधक से वार्ता कर रहे थे कि अगली बार विधानसभा में सम्मिलित होने के लिए बस से ही जाएंगे।

बस में चार सीसीटीवी कैमरे

पूरी बस में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे ड्राइवर के साथ-साथ रोडवेज के कंट्रोल रूम से भी जुड़े रहेंगे। इससे बस के अंदर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story