प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील से सराफा व्यापारी होंगे बर्बाद : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील से सराफा व्यापारी होंगे बर्बाद : पवन गुप्ता


कानपुर, 11 मई (हि.स.)। कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को चौक स्थित तिलक हाल में सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने, खाने के तेल की खपत घटाने और विदेश यात्रा से बचने की अपील का विरोध जताया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की अपील से सराफा और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ेगा तथा छोटे व्यापारी आर्थिक संकट में आ जाएंगे।

बैठक में पवन गुप्ता ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पहले से महंगाई, बेरोजगारी और बाजार में घटती खरीदारी की समस्या से जूझ रही है। ऐसे समय में इस तरह की अपील व्यापार और आम जनता दोनों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कानपुर में सराफा व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सोने की खरीद भारतीय परिवारों की परंपरा, बचत और सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा रही है। शादी-विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों में सोने का विशेष महत्व होता है, इसलिए इस तरह के बयान बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों की खरीद क्षमता बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और बाजार को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए, न कि व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाली अपील करनी चाहिए। व्यापारी नेताओं ने भी कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण पहले से बाजारों में मंदी का माहौल है और छोटे दुकानदार, सराफा व्यापारी तथा मध्यम वर्ग परेशान हैं।

बैठक में सराफा व्यापारियों के साथ आगे आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इस दौरान धर्मेंद्र वर्मा, संजय त्रिवेदी, महेंद्र सिंह, रामचरण यादव, दीपक वर्मा, अजय तिवारी, शांतनु दीक्षित, गोल्डी अवस्थी, वीरेंद्र वर्मा और रामजी दुबे सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता हरप्रकाश अग्निहोत्री, निजामुद्दीन खान, शंकर दत्त मिश्र, इकबाल अहमद, फजल खान, नीरज द्विवेदी, अमिताभ दत्त मिश्रा और ज़फर शाकिर मुन्ना समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story