जेवर एयरपोर्ट से दुनिया भर में महकेगी कन्नौज के इत्र की खुशबू

WhatsApp Channel Join Now
जेवर एयरपोर्ट से दुनिया भर में महकेगी कन्नौज के इत्र की खुशबू


जेवर एयरपोर्ट से दुनिया भर में महकेगी कन्नौज के इत्र की खुशबू


जेवर एयरपोर्ट से दुनिया भर में महकेगी कन्नौज के इत्र की खुशबू


जेवर एयरपोर्ट से दुनिया भर में महकेगी कन्नौज के इत्र की खुशबू


-हाई-टेक कार्गो और कोल्ड स्टोरेज से नाजुक फूलों के अर्क की महक रहेगी अब पूरी तरह सुरक्षित

-वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' को लगेंगे पंख, वैश्विक पटल पर चमकेगा कन्नौज का हुनर

कन्नौज, 28 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक 'इत्र नगरी' अब एक बड़े वैश्विक बदलाव की दहलीज पर खड़ी है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्‌डा (जेवर) का निर्माण कन्नौज के सदियों पुराने इत्र और एसेंशियल ऑयल उद्योग के लिए किसी वरदान से कम नहीं माना जा रहा है। अब तक परिवहन और लॉजिस्टिक्स की जिन चुनौतियों से यहाँ का व्यापारी जूझ रहा था, जेवर एयरपोर्ट उन सभी बाधाओं को पार करने का 'रनवे' साबित होगा।

इत्र पार्क: कन्नौज की नई औद्योगिक पहचान

कन्नौज में विकसित हो रहा आधुनिक इत्र पार्क इस उद्योग को पारंपरिक भट्टियों से निकालकर आधुनिक लैब और ग्लोबल स्टैंडर्ड्स तक ले जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट से इसकी निकटता इस पार्क को सीधे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ देगी। यहाँ बनने वाली अत्याधुनिक इकाइयाँ अब अपना माल सीधे एयरपोर्ट के कार्गो हब तक पहुंचा सकेंगी।

कैसे जुड़ा है विदेशी बाजार

कन्नौज का इत्र उद्योग मुख्य रूप से फ्रांस (पेरिस), यूके, यूएसए, संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) और सऊदी अरब से गहराई से जुड़ा है। दुनिया के बड़े परफ्यूम ब्रांड्स बेस नोट के रूप में कन्नौज के नेचुरल ऑयल्स का इस्तेमाल करते हैं। खाड़ी देशों में 'अत्तर' की भारी मांग है, जो बिना अल्कोहल के तैयार होता है। जेवर एयरपोर्ट इन देशों के लिए सीधी और तेज डिलीवरी का रास्ता खोलेगा।

प्रमुख उद्यमियों का नजरिया

जेवर एयरपोर्ट हमारे लिए केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि व्यापार का नया द्वार है। अभी हमें दिल्ली माल भेजने के लिए 24 घंटे पहले प्लानिंग करनी पड़ती है। जेवर एयरपोर्ट पास होने से हम 'जस्ट इन टाइम' डिलीवरी मॉडल पर काम कर पाएंगे, जिससे विदेशी क्लाइंट्स का भरोसा कन्नौज के मार्केट पर और मजबूत होगा।

— प्रदीप कपूर, इत्र व्यवसायी एवं निर्यातक

लॉजिस्टिक्स लागत में बड़ी कटौती

इंटरनेशनल मार्केट में समय और लागत की बड़ी कीमत है। अभी हमारा काफी समय सड़क मार्ग और क्लीयरेंस की पेचीदगियों में बर्बाद होता है। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से लॉजिस्टिक्स की लागत में कम से कम 15-20 प्रतिशत की कमी आएगी, जिसका सीधा फायदा छोटे और बड़े दोनों स्तर के व्यापारियों को मिलेगा।

— प्रवीण टंडन, इत्र कारोबारी

कोल्ड-चेन कार्गो और क्वालिटी कंट्रोल

कन्नौज के इत्र की असली ताकत उसकी शुद्धता और खुशबू है। जेवर एयरपोर्ट पर मिलने वाली आधुनिक 'कोल्ड-चेन' कार्गो सुविधाओं से हमारे उत्पाद की लाइफ बरकरार रहेगी। अब हमें इस बात की चिंता नहीं होगी कि लंबे सफर या गर्मी की वजह से तेल की क्वालिटी पर कोई आंच आएगी।

— अभिनव गुप्ता, इत्र कारोबारी

नए वैश्विक ऑर्डर्स की संभावना

कन्नौज का अत्तर दुनिया का सबसे बेहतरीन उत्पाद है लेकिन एयर कार्गो की सीधी सुविधा न होने से हम बड़े ग्लोबल ऑर्डर लेने में हिचकते थे। जेवर एयरपोर्ट के पास लॉजिस्टिक्स पार्क बनने से हमारी एक्सपोर्ट क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। यह हमारे पारंपरिक उद्योग के लिए एक नए युग की शुरुआत है।

— तारिक मौलवी, इत्र निर्माता

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story