जेवर एयरपोर्ट की सफलता से कुछ लोगों को तकलीफ : डॉ. महेश शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
जेवर एयरपोर्ट की सफलता से कुछ लोगों को तकलीफ : डॉ. महेश शर्मा


नोएडा, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बारिश के दौरान हुए जलभराव को लेकर मजाक उड़ाने वालों पर स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी और ऐतिहासिक परियोजना में बारिश के कारण कुछ मिनट पानी जमा होने को मुद्दा बनाकर एयरपोर्ट का मजाक उड़ाना कुछ लोगों की कुंठा को दिखाता है। इससे साफ जाहिर है कि एयरपोर्ट की सफलता से किसे कितनी तकलीफ हो रही है।

उन्होने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने वाला है। इससे क्षेत्र में रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे, साथ ही देश-दुनिया से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इतनी बड़ी परियोजना में सामने आने वाली छोटी व्यवस्थागत चुनौतियां विकास की इस यात्रा को नहीं रोक सकतीं।

सांसद ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की पहचान बदलने के साथ अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि बारिश के कुछ देर के जलभराव का वीडियो बनाकर पूरी परियोजना का मजाक उड़ाने के बजाय इसके दूरगामी प्रभाव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में इसकी भूमिका को भी देखा जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story