जावेद अली के गीतों पर झूमे दर्शक, देर रात तक गूंजती रहीं तालियां**

WhatsApp Channel Join Now
जावेद अली के गीतों पर झूमे दर्शक, देर रात तक गूंजती रहीं तालियां**


बाराबंकी, 05 नवंबर (हि.स.)। देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 की मेगा नाइट बुधवार की रात बॉलीवुड गायक जावेद अली के नाम रही। अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायकी से उन्होंने ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

मंच पर पहुंचते ही जावेद अली का दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने 'जश्न-ए-बहारा', 'तू जो मिला तो हो गया सब हासिल', 'कुन फाया कुन', 'अर्जियां', 'तू ही हकीकत', 'श्रीवल्ली', 'तुम तक', 'तेरा दीदार हुआ' और 'नगाड़ा' जैसे चर्चित गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं ' अभी न जाओ छोड़कर' गीत ने श्रोताओं को खासा रोमांचित किया। रोमांटिक और सूफियाना गीतों पर दर्शक तालियां बजाते हुए उनके सुरों के साथ गुनगुनाते नजर आए।

जावेद अली की बुलंद आवाज और भावपूर्ण गायन ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में उनके संगीत दल के कलाकारों ने भी वाद्ययंत्रों पर शानदार संगत की। मनीष कुलकर्णी ने बेस गिटार, मान्टू गोसावी ने ऑक्टोपैड, लतेश परब ने तबला एवं परक्यूशन, सचिन तायड़े ने फ्लूट, अमन देसाई और अश्विन रोकड़े ने की-बोर्ड, रोहन नाडकर्णी ने ड्रम तथा रौनी सातमकर ने लीड गिटार पर प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। वहीं धनंजय ववाले, रूजवेल्ट डिसूजा, चंदन शर्मा और निखिल जवारे ने तकनीकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। देर रात तक संगीत की धुनों और दर्शकों की तालियों से मेला परिसर गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772587 Articles

Share this story