जौनपुर से हज यात्रियों का जत्था रवाना, भावुक माहौल में दी गई विदाई
जौनपुर,13 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में हज की अदायगी के लिए जौनपुर से हज यात्रियों के रवाना होने का सिलसिला अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के रिजवी खां मोहल्ला से अबुल कैस अपनी पत्नी सहित अन्य हज यात्रियों के साथ दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से उनका जत्था हज यात्रा के लिए उड़ान भरेगा।हज यात्रियों की रवानगी के दौरान क्षेत्र में भावुक माहौल देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने नारे बुलंद कर हाजियों को मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ करने की अपील की। परिजनों और शुभचिंतकों ने गले मिलकर हाजियों से दुआएं मांगीं।इस मौके पर मरकज़ी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफीज शाह ने बताया कि जौनपुर से इस वर्ष कुल 68 लोग अलग-अलग दिनों में दयार-ए-हरम के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग निजी कंपनियों के माध्यम से भी हज यात्रा पर जा रहे हैं।विदाई कार्यक्रम में मोहम्मद आलम सोनू, खुर्रम, मिस्बाह, बेलाल खान, अबुल सैफ खान, मेराज अहमद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने हज यात्रियों की सलामती और हज के सफल सफर के लिए दुआ की।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

