जौनपुर में भीषण गर्मी, डीएम सैमुअल पाल एन ने की सतर्क रहने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में भीषण गर्मी, डीएम सैमुअल पाल एन ने की सतर्क रहने की अपील


जौनपुर में भीषण गर्मी, डीएम सैमुअल पाल एन ने की सतर्क रहने की अपील


जौनपुर ,19 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से भीषण गर्मी और हीट वेव के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिले में तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और हीट वेव का अलर्ट 22 मई तक प्रभावी रहेगा।जिलाधिकारी ने नागरिकों को अत्यंत सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें। सिर को ढकने के लिए कैप, गमछा या छाते का उपयोग करें, साथ ही धूप से बचाव के लिए चश्मे का प्रयोग भी किया जा सकता है।उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक छायादार और ठंडे स्थानों पर रहने का आग्रह किया। शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस तथा अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। मौसमी फलों का सेवन करने और शरीर को ठंडा रखने वाले उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को धूप में बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हों तो तत्काल नजदीकी चिकित्सकीय केंद्र जैसे सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकों से परामर्श लें।उन्होंने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जन जागरूकता अभियान और आवश्यक एडवाइजरी जारी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे हीट वेव से बचाव हेतु प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और जिला प्रशासन का सहयोग करें।अंत में, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करते हुए सभी से सतर्क और सुरक्षित रहने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story