जौनपुर पुलिस ने यक्ष ऐप पर दर्ज किया 12 हजार अपराधियों का ब्योरा

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर पुलिस ने यक्ष ऐप पर दर्ज किया 12 हजार अपराधियों का ब्योरा


जौनपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में अपराधियों की पहचान और उनकी धरपकड़ को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने डिजिटल निगरानी की पहल तेज कर दी है। जिले के करीब 12 हजार अपराधियों का ब्योरा यक्ष ऐप पर अपलोड किया गया है। इसमें अपराधियों की थानेवार जानकारी के साथ उनके फोटो और वीडियो भी दर्ज किए जा रहे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि ऐप पर वांछित बदमाशों सहित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य अपराधियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि किसी आपराधिक घटना के बाद उनकी पहचान करने और पुराने आपराधिक इतिहास का पता लगाने में आसानी हो सके।

ऐप पर अपराधियों से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से पुलिस को जांच के दौरान मदद मिलेगी। किसी दूसरे थाना क्षेत्र, जिले अथवा राज्य में अपराध करने वाले बदमाशों की पहचान भी उनके पुराने रिकॉर्ड के आधार पर की जा सकेगी।

पुलिस का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से अपराधियों की पहचान, उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन और विभिन्न क्षेत्रों की पुलिस के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहूलियत होगी। इससे अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775609 Articles

Share this story