चोरी की शिकायत पर कार्रवाई में लापरवाही, शहर कोतवाल और चौकी इंचार्ज निलंबित
जौनपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस विभाग में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर कोतवाल अनीता सिंह और सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन को निलंबित कर दिया गया। दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन से विभाग में खलबली मच गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की घटना की शिकायत मिलने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने के मामले को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि, निलंबन के संबंध में पुलिस विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि जिले में कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह लगातार पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लापरवाही और शिकायतों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में बुधवार देर रात वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने जौनपुर पहुंचकर फ्लैग मार्च किया और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की।लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

