जौनपुर में प्रवक्ता परीक्षा शुरू, 18 केंद्रों पर 8375 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में प्रवक्ता परीक्षा शुरू, 18 केंद्रों पर 8375 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा


जौनपुर में प्रवक्ता परीक्षा शुरू, 18 केंद्रों पर 8375 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा


जौनपुर, 14जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 रविवार से जिले में शुरू हो गई। परीक्षा के लिए बनाए गए 18 केंद्रों पर कुल 8,375 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए शहर में विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास तथा कुत्तुपुर तिराहा से शहर में आने वाले भारी वाहनों का आवागमन निर्धारित अवधि तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story