जौनपुर : पीपा पुल की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठे जज सिंह अन्ना

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : पीपा पुल की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठे जज सिंह अन्ना


जौनपुर : पीपा पुल की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठे जज सिंह अन्ना


जौनपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में राजेपुर त्रिमुहानी स्थित रामेश्वर गोमती नदी के राजेपुर-विजयीपुर घाट पर पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे समाजसेवी जज सिंह अन्ना अपनी मांग को लेकर मंगलवार दूसरे दिन भी अनशन पर बैठे रहे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) खंड-द्वितीय से पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की है।

अनशन पर बैठे जज सिंह अन्ना ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत करते हुए कहा कि नवंबर माह में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व होगा। इस दौरान करीब पांच लाख श्रद्धालु गोमती नदी में स्नान के लिए राजेपुर-विजयीपुर घाट पहुंचते हैं। उनका कहना है कि पर्व के दौरान नावों का संचालन बंद कर दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को नदी के दूसरे छोर स्थित घाट तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पीपा पुल बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को उनके अनशन के बाद पीडब्ल्यूडी खंड-द्वितीय द्वारा पीपा पुल निर्माण का ठेका किया गया था, लेकिन अब तक पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने कहा कि जब तक पीडब्ल्यूडी खंड-द्वितीय द्वारा राजेपुर-विजयीपुर घाट पर पीपा पुल का निर्माण शुरू नहीं कराया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से कार्तिक पूर्णिमा से पहले पुल निर्माण पूरा कराने की मांग की है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story