जौनपुर : अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच गिरफ्तार


- आराेपिताें के कब्जे से दो बंदूक, राइफल, प्रतिबंधित पिस्टल, 210 कारतूस और 7.58 लाख रुपये बरामद, कानपुर के एक गन हाउस से भी जुड़ रहे तार

जौनपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में सुजानगंज थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्कर गिरोह का शनिवार काे पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो 12 बोर बंदूक, 210 कारतूस, एक .22 बोर राइफल, प्रतिबंधित 09 एमएम पिस्टल, एक .45 बोर ग्लॉक पिस्टल, 10 अन्य कारतूस, 7.58 लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय कुमार राय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय की टीम कुरांवां नहर पुलिया के पास पहुंची। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह और संतोष कुमार निवासी सरपतहां तथा सौरभ सिंह, अनीश सिंह और दिग्विजय सिंह निवासी शहडोल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई हैं।

एएसपी के अनुसार गिरोह का सरगना शुभम सिंह उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में अपने नेटवर्क के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में बिहार के पटना स्थित बिहटा क्षेत्र में सोन नदी के पास बालू खनन के वर्चस्व को लेकर हुए गैंगवार में भी उसके द्वारा हथियार और कारतूस सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक कानपुर स्थित हैरिस गन हाउस के माध्यम से भी हथियारों की आपूर्ति का लिंक सामने आया है। गन हाउस के प्रोपराइटर अब्दुल्ला खान समेत अन्य राज्यों से जुड़े कुछ आरोपित वांछित हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

इस मामले में सुजानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पांचों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story