जौनपुर में रविवार को निकलेगी दो दिवसीय कांवड़ यात्रा, हेलिकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा
जौनपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बदलापुर विकास खण्ड अंतर्गत सावन माह के पावन अवसर पर दो दिवसीय शिव कांवड़ यात्रा 16 व 17 अगस्त को निकली जाएगी। चौरेश्वर नाथ धाम छंगापुर पर जलाभिषेक और दर्शन पूजन करने के साथ ही शिव कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। यह जानकारी शनिवार को बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने दी।
विधायक ने बताया कि के कांवड़ यात्रा 16 अगस्त रविवार को सुबह 8 बजे चौरेश्वर महादेव धाम (छंगापुर) स्थित आदि गंगा गोमती तट से शुरू होगी। श्रद्धालु यहां पवित्र स्नान कर जल भरेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यह यात्रा विभिन्न गांवों और बाजारों से गुजरते हुए दूसरे दिन करसूलनाथ धाम (सई नदी तट, कंधी) पहुंचेगी। पहले दिन की यात्रा चौरेश्वर महादेव धाम से प्रारंभ होकर गठाना मोड़, छंगापुर नहर चौराहा, लेदुका, प्राणपट्टी, मसनपुर बाजार, मछलीगांव, बदलापुर खुर्द बाजार ,दुर्गा मंदिर पर दर्शन पूजन बदलापुर, कमला नगर चौराहा, चकमोलनापुर, चकरियहवा घाट पर स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक और दर्शन पूजन के साथ कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जायेगी। विद्यावती रिसार्ट पर रात्रि विश्राम व भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा।
विधायक ने बताया कि दूसरे दिन 17 अगस्त को यात्रा शाम 4 बजे कलिंजरा मोड़ से फिर शुरू होगी। यह कलिंजरा बाजार, बनगांव मोड़, सदाशिव मंदिर सरौली, तेजीबाजार चौराहा, मरगूपुर और कंधी चौराहा होते हुए करसूलनाथ धाम पहुंचेगी। करसूलनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, माता सई नदी की आरती और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से इस कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत, जलपान और सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र

