जौनपुर को मिला नया सीडीओ, नरेंद्र बहादुर सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर को मिला नया सीडीओ, नरेंद्र बहादुर सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी


जौनपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईएएस और 23 पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया। इस फेरबदल में जौनपुर को नया मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मिला है। लखीमपुर खीरी में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का नया सीडीओ बनाया गया है।

नरेंद्र बहादुर सिंह 2011 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से देवरिया के निवासी हैं। उन्हें प्रशासनिक क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव है। वह अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, जौनपुर के मौजूदा सीडीओ ध्रुव खाडिया का तबादला कर उन्हें मऊ का सीडीओ बनाया गया है। मऊ के सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात किया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के बाद जौनपुर में नए सीडीओ की तैनाती से विकास कार्यों और जिला स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई जिम्मेदारियां तय होंगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story