नशे में धुत मुख्य आरक्षी का वीडियो वायरल, निलंबित
जौनपुर,13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना में तैनात मुख्य आरक्षी रामधनी यादव का कथित रूप से शराब के नशे में धुत वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में हुई एक हत्या के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामधनी यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह भावुक होकर रोते-बिलखते नजर आ रहे तथा अपने थाना प्रभारी के संबंध में टिप्पणी भी कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं और जनता का विश्वास प्रभावित करती हैं।
एसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य आरक्षी की तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

