जिला अस्पताल में एक माह से बंद पड़ी लिफ्ट,दिव्यांग मरीजों को हो रही परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
जिला अस्पताल में एक माह से बंद पड़ी लिफ्ट,दिव्यांग मरीजों को हो रही परेशानी


जौनपुर,04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में पिछले एक महीने से लिफ्ट बंद है। इसकी वजह मरीज और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्ग, दिव्यांगों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही हैं, जिन्हें अस्पताल की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।

जिला अस्पताल की पहली और दूसरी मंजिल पर ओपीडी, वार्ड और अन्य जरूरी विभाग संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वर्ष 1998 में निर्मित इस अस्पताल में गंभीर मरीजों को वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से लिफ्ट लगाई गई थी, लेकिन वर्तमान में करीब एक माह से इसके बंद होने से यह सुविधा पूरी तरह ठप पड़ी है। लिफ्ट बंद होने के कारण कई बार तीमारदारों को मरीजों को गोद में या कंधे पर उठाकर सीढ़ियों से ऊपर ले जाना पड़ रहा है।

अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 900 से 1200 मरीज पहुंचते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से लिफ्ट को तत्काल चालू कराने की मांग की है, ताकि गंभीर मरीजों को राहत मिल सके और इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो।

इस संबंध में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि अस्पताल प्रशासन के अनुसार, लिफ्ट का संचालन लो वोल्टेज और तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुआ है। इसे ठीक कराने के लिए कार्यदायी संस्था से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खराबी दूर कर लिफ्ट का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story